
उदित वाणी, पलामू : पलामू में पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए पति की हत्या के आरोप में पत्नी और उसके प्रेमी को पकड़ा है. रिश्तों के कत्ल की यह घटना जिले के नावाबाजार इलाके की है जहां शादी के महज एक सप्ताह के अंदर ही पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया. पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन ने बताया कि शादी के एक महीने के बाद पत्नी ने पति को कॉल करके कोडरमा से ससुराल बुलाया.
इसी दौरान पत्नी ने अपने पति को घूमने के लिए अपने प्रेमी के साथ बाजार भेजा, जिसके बाद सुनियोजित तरीके से उसे शराब पिलाया गया और कंडा घाटी ले जाकर पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गयी. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, वहीं नाबालिग पत्नी को बालिका गृह भेजा गया है. एसपी ने बताया कि घटना में उपयोग किए गए पत्थर और मोबाइल फोन को भी बरामद कर लिया है.

