
उदित वाणी, खूंटी : झारखंड के खूंटी जिले में आदिवासी नेता पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इसकी जानकारी खूंटी के पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने मंगलवार शाम को प्रेस वार्ता में दी.
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में बाहा मुंडा, देवा पाहन, अनिश मुंडा, रविया पाहन, रमेश्वर संगा, पंकज कुमार शर्मा और देवव्रत नाथ शाहदेव शामिल हैं. इनमें से एक को छोड़कर सभी आरोपी खूंटी जिले के निवासी हैं.
पुलिस ने सभी आरोपियों के पास से मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी तकनीकी जांच की जा रही है. वारदात को अंजाम देने वाला मुख्य शूटर अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या किसी तात्कालिक विवाद का परिणाम नहीं, बल्कि जमीन विवाद को लेकर रची गई सुनियोजित साजिश थी.
एसपी के मुताबिक, सोमा मुंडा का कुछ लोगों के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी रंजिश में आरोपियों ने मिलकर उनकी हत्या की योजना बनाई थी. 7 जनवरी 2026 की देर शाम खूंटी थाना क्षेत्र के जमुवादाग गांव के समीप तालाब के पास अपराधियों ने सोमा मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी थी.
उन्होंने बताया कि सोमा मुंडा अपनी पत्नी के साथ बाइक से खूंटी से अपने गांव चलांगी लौट रहे थे. इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार दो अपराधी पहुंचे और ओवरटेक कर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. दो राउंड फायरिंग में एक गोली उनके सीने में जा लगी. गोली लगने के बाद वे बाइक रोककर खूंटी की ओर जाने की कोशिश करने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई और वे गिर पड़े. इसके बाद हमलावर फरार हो गए थे.
सोमा मुंडा की पत्नी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी. सोमा मुंडा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था. इस घटना के विरोध में 8 जनवरी को खूंटी जिला बंद रहा था.
आदिवासी संगठनों ने इस मामले को लेकर आगामी 17 जनवरी को झारखंड बंद बुलाया है. घटना के बाद पुलिस ने एसआईटी का गठन किया गया था. पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की है. पुलिस का दावा है कि फरार शूटरों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
(आईएएनएस)

