उदित वाणी जमशेदपुर: चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा ओवरब्रिज पर मंगलवार सुबह अफरा-तफरी मच गई, जब गिट्टी लदा एक हाइवा अचानक टायर फटने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. हादसे के बाद ओवरब्रिज के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाइवा ओवरब्रिज पर चढ़ रहा था, तभी जोरदार धमाके के साथ उसका टायर फट गया. चालक वाहन को संभाल नहीं सका और कुछ ही क्षण में हाइवा पलट गया. सड़क पर गिट्टी बिखर जाने से ट्रैफिक स्थिति और खराब हो गई. सौभाग्य से किसी के घायल होने की खबर नहीं है और चालक को भी सुरक्षित बताया गया है.
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने तुरंत बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया और किसी अन्य दुर्घटना की आशंका को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की. इसके बाद जेसीबी और मजदूरों की मदद से सड़क पर बिखरी गिट्टी हटाने का काम शुरू किया गया. लगभग एक घंटे की मेहनत के बाद सड़क आंशिक रूप से साफ की गई और यातायात सामान्य होने लगा.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि टायर फटने का कारण तकनीकी खराबी थी या मेंटेनेंस की कमी. पुलिस ने भारी वाहन चालकों से नियमित जांच कराने और सावधानी बरतने की अपील की है.

