
उदित वाणी, रांची : जेएसएससी द्वारा प्रारंभिक विद्यालयों में सहायक आचार्य नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा के तहत इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य कक्षा एक से पांच का संशोधित परिणाम जारी किया गया. संशोधित परिणाम में कुल 4333 अभ्यर्थी ही सफल घोषित किए गए और पूर्व में जारी परिणाम की तुलना में 484 अभ्यर्थी कम सफल हुए. पूर्व में जारी परिणाम में कुल 4817 अभ्यर्थी सफल घोषित किये गए थे.
जबकि कुल 11 हजार पदों पर नियुक्ति के लिए परीक्षा आयोजित किया गया था. इस तरह अब 6667 पद रिक्त रह गए. आयोग ने यह संशोधित परिणाम सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के आदेश पर जारी किया गया है. इससे पहले जारी परिणाम में जेटेट उत्तीर्ण आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों को दोहरा आरक्षण का लाभ देते हुए उनके प्राप्तांक के आधार पर अनारक्षित श्रेणी में चयन कर लिया गया था. जिसे सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का उल्लंघन बताया गया था.
अब सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के तहत जेटेट में प्राप्त आरक्षण के आधार पर अपने आरक्षण कोटि में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को अनारक्षित कोटि से अपनी आरक्षण कोटि में स्थानांतरित करने के साथ-साथ पारा कोटि के वैसे अभ्यर्थी जिनके द्वारा अधिकतम उम्र सीमा की छूट प्राप्त है. उन्हें अनारक्षित कोटि से अपनी आरक्षण कोटि में स्थानांतरित करते हुए हुए संशोधित परिणाम जारी किया गया.
यद्यपि जारी परिणाम में यह भी कहा गया कि उच्च न्यायालय के आनेवाले अंतिम आदेश से यह परिणाम प्रभावित होगा. इसके अलावा प्रमाणपत्रों की अस्पष्टता के कारण कुछ अभ्यर्थियों का परिणाम लंबित रखा गया है. जिनका विभाग के मार्गदर्शन के बाद परिणाम जारी किया जाएगा.

