
उदित वाणी, रांची : झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने भाजपा पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि सीएम हेमंत सोरेन की विदेश यात्राओं पर भाजपा के तथ्यहीन बयान उसकी आदिवासी नेतृत्व विरोधी सोच उजागर करते हैं. झारखंड पहली बार दावोस जा रहा है, फिर भी भाजपा सवाल उठा रही, जबकि कर्नाटक में वही पार्टी कांग्रेस को दावोस न जाने पर कोसा.
पांडेय ने कहा, “सीएम की यात्राएं राज्य के औद्योगिक-पर्यटन हितों के लिए रणनीतिक हैं, निजी सैर-सपाटा नहीं.” भाजपा बताए कि तमिलनाडु, तेलंगाना, महाराष्ट्र जैसे राज्य दावोस से करोड़ों के एमओयू लाते हैं, तो झारखंड के लिए गलत क्यों?
आदिवासी सीएम से भाजपा की परेशानी
पांडेय ने तंज कसा कि भाजपा को आदिवासी सीएम के वैश्विक मंचों पर झारखंड का पक्ष रखने से तकलीफ है. केंद्र में भाजपा नेता विदेश यात्राएं करते रहे, तब सवाल न उठे. निवेश सतत प्रक्रिया है; हेमंत सरकार ने उद्योग-पर्यटन नीतियां मजबूत कीं, जबकि भाजपा राज में खनन-लूट का मॉडल चला.
निवेश की जमीनी हकीकत
झामुमो नेता ने कहा कि भाजपा अपने शासित राज्यों के उदाहरण देखे. कर्नाटक में दावोस न जाने को ‘भविष्य से खिलवाड़’ बताने वाली भाजपा झारखंड में पाखंड क्यों? सरकार निवेश-रोजगार के लिए प्रतिबद्ध है. भाजपा नकारात्मकता छोड़ रचनात्मक भूमिका निभाए.

