
उदित वाणी, रांची: राज्य में नौ नगर निगमों में महापौर तथा 19 नगर परिषद और 20 नगर पंचायतों में अध्यक्ष का निर्वाचन हो चुका है। अब नगर निगमों में नौ उप महापौर [डिप्टी मेयर] तथा नगर परिषदों व नगर पंचायतों में 39 उपाध्यक्षों का चुनाव कराया जायेगा। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा उप महापौर तथा उपाध्यक्षों के अप्रत्यक्ष निर्वाचन को लेकर सूचना निर्गत करने और बैठकों की तिथियों से संबंधित शिडयूल जारी कर दी गई है। विभिन्न निकायों में 2 मार्च से 20 मार्च के बीच सूचना जारी करने और बैठक करने का आदेश दिया गया है।
वहीं कोल्हान के नगर निगमों में उप महापौर तथा नगर परिषदों व नगर पंचायतों में उपाध्यक्षों के चुनाव के लिए 6 व 7 मार्च को बैठक की सूचना निर्गत किये जायेंगे तथा 14, 16, 17 व 18 मार्च को चुनाव होंगे।
पूर्वी सिंहभूम जिला में मानगो नगर निगम में 7 मार्च को सूचना निर्गत किया जायेगा और 17 मार्च को निगम के लिए चुने गये महापौर के साथ निर्वाचित पार्षदों की बैठक की तिथि निर्धारित की गई है। उक्त बैठक मे दौरान निगम के उप महापौर का अप्रत्यक्ष चुनाव कराया जायेगा।
वहीं जुगसलाई नगर परिषद में सूचना निर्गत करने की तिथि 7 मार्च व बैठक की तिथि 16 मार्च एवं चाकुलिया नगर पंचायत में सूचना निर्गत करने की तिथि 7 मार्च व बैठक कर उप महापौर व उपाध्यक्षों के अप्रत्यक्ष चुनाव की तिथि 18 मार्च निर्धारित की गई है।
सरायकेला-खरसवां जिला में आदित्यपुर नगर निगम में सूचना निर्गत करने की तिथि 7 मार्च व बैठक की तिथि 16 मार्च, कपाली नगर परिषद में सूचना निर्गत करने की तिथि 7 मार्च व बैठक की तिथि 16 मार्च, सरायकेला नगर पंचायत में सूचना निर्गत करने की तिथि 7 मार्च व 17 मार्च उप महापौर व उपाध्यक्ष के चुनाव कराये जायेंगे। पश्चिमी सिंहभूम जिला में चाईबासा नगर परिषद में सूचना निर्गत करने की तिथि 6 मार्च व चनाव की तिथि 14 मार्च एवं चक्रधरपुर नगर परिषद में भी सूचना निर्गत करने की तिथि 6 मार्च व चुनाव की तिथि 14 मार्च रखी गई है।

