
उदित वाणी, जमशेदपुर : झारखंड स्टेट बार काउंसिल के 23 सदस्यीय पदों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. आगामी 12 मार्च को होने वाले इस चुनाव में जमशेदपुर जिला बार एसोसिएशन के 2212 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. राज्यभर से करीब 100 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें जमशेदपुर के 12 अधिवक्ता भी चुनावी दौड़ में शामिल हैं.
23 पदों के लिए होगा चुनाव
जानकारी के अनुसार बार काउंसिल के कुल 23 पदों में से 18 पुरुष और 5 महिला सदस्यों का चयन प्रत्यक्ष मतदान के माध्यम से किया जाएगा. इसके अलावा दो महिला सदस्यों का चयन को-ऑप्शन के जरिए किया जाना है.
कोर्ट परिसर में पांच बूथ, बैलेट से मतदान
जमशेदपुर में चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता आर.एन. दास को पीठासीन पदाधिकारी बनाया गया है. उनके नेतृत्व में पूरे मतदान की व्यवस्था की जा रही है.
मतदान के लिए जमशेदपुर जिला बार एसोसिएशन (कोर्ट परिसर) में पांच मतदान केंद्र बनाए जाएंगे. यह चुनाव गुरुवार 12 मार्च को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बैलेट पेपर के माध्यम से संपन्न होगा.
जिन बार एसोसिएशनों में 500 से अधिक मतदाता हैं, वहां दो बैलेट बॉक्स का उपयोग किया जाएगा. प्रत्येक मतदाता 23 पदों के लिए वोट डाल सकेगा.
पांच से कम वोट देने पर मतपत्र होगा अमान्य
चुनाव समिति की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रत्येक मतदाता को कम से कम पांच उम्मीदवारों को वोट देना अनिवार्य होगा. कोई भी मतदाता अधिकतम 23 उम्मीदवारों को मत दे सकता है, लेकिन यदि मतपत्र पर पांच से कम वोट दर्ज किए जाते हैं तो उसे अमान्य माना जाएगा.
कोल्हान में बढ़ी चुनावी हलचल
चुनाव की तिथि नजदीक आते ही कोल्हान क्षेत्र के तीनों जिलों—जमशेदपुर, चाईबासा और सरायकेला— में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं. उम्मीदवार अधिवक्ताओं के बीच संपर्क अभियान चलाकर समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं.
जमशेदपुर से 12 उम्मीदवार मैदान में
इस चुनाव में जमशेदपुर से प्रमुख रूप से अनिल कुमार तिवारी, प्रकाश झा, जितेंद्र कुमार सिंह, राजेश दास, कुमार राजेश रंजन, राजेश जायसवाल, हमीद राजा, मो. आफताब आलम खान और राजेश कुमार शुक्ला चुनावी मैदान में हैं. इनके अलावा तीन महिला अधिवक्ता—विनीता सिंह, रंजना कुमारी और शिल्पी प्रसाद— भी अपनी दावेदारी पेश कर रही हैं.
सुरक्षा व्यवस्था पर भी मंथन
चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पहल शुरू हो गई है. इसी क्रम में सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा न्यायालय परिसर पहुंचे और बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आर.एन. दास से चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की.
इस अवसर पर अध्यक्ष आर.एन. दास ने थाना प्रभारी को एक स्मार पत्र भी सौंपा. वहीं अधिवक्ता सुधीर कुमार ‘पप्पू’ ने उन्हें नए कानून-2023 की पॉकेट बुक भेंट कर सम्मानित किया.

