
उदित वाणी, जमशेदपुर : झारखंड स्टेट बार काउंसिल के चुनाव को लेकर गुरुवार को राज्यभर के विभिन्न न्यायालय परिसरों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया गया। मतदान के दौरान अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। जमशेदपुर सिविल कोर्ट परिसर में सुबह से ही वकीलों की लंबी कतारें नजर आईं। शाम तक यहां कुल लगभग 1500 वोट पड़े, जो करीब 65 प्रतिशत मतदान रहा।
इस चुनाव में जमशेदपुर के कई प्रमुख अधिवक्ता अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें राजेश कुमार शुक्ला, अनिल कुमार तिवारी, प्रकाश झा, जितेंद्र कुमार सिंह, राजेश दास, कुमार राजेश रंजन, राजेश जायसवाल, हमीद राजा और मो. आफताब आलम खान प्रमुख हैं। वहीं महिला उम्मीदवारों में विनीता सिंह, रंजना कुमारी और शिल्पी प्रसाद चुनावी मैदान में हैं।
बार काउंसिल के कुल 23 पदों के लिए चुनाव हो रहा है। इनमें 18 पुरुष और 5 महिला सदस्यों का चयन प्रत्यक्ष मतदान के जरिए किया जाएगा, जबकि दो महिला सदस्यों का चयन बाद में को-ऑप्शन के माध्यम से किया जाएगा। पूरे राज्य से लगभग 100 अधिवक्ता चुनाव मैदान में हैं। मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
सरायकेला में 70% मतदान
आज 12 मार्च 2026 को झारखंड स्टेट बार काउंसिल के चुनाव में सरायकेला अधिवक्ता संघ के 234 अधिवक्ता मतदान किया। 23 सदस्यों के चयन के लिए हो रहे इस चुनाव में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष प्रभात कुमार प्रेजिडिंग ऑफिसर, रांची से आए हुए अधिवक्ता श्री सुशील कुमार वर्मा पोलिंग ऑफिसर एवं जिला प्रशासन की ओर से सरायकेला वी.डी.ओ. अस्मिता सिंह मजिस्ट्रेट के रूप में अपना योगदान दिये । मतदान शांतिपूर्ण और स्वच्छ तरीके से संपन्न हुआ , जिसमें 164 अधिवक्ताओं ने यानी 70% मतदाताओं ने अपना मतदान किया।
आज के चुनाव को शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ वातावरण में संपादित करने में जिला अधिवक्ता संघ के सचिव देवाशीष ज्योतिषी, उपाध्यक्ष केदारनाथ अग्रवाल, सहसचिव जलेश कवि, अधिवक्ता संघ के गर्वनिंग बॉडी के सभी सदस्य, संघ के सभी विद्वान अधिवक्ताओं के साथ-साथ पुलिस प्रशासन का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।


