
उदित वाणी, रांची : झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 की लिखित परीक्षा अब 12 अप्रैल को ही आयोजित की जाएगी. जेएसएससी द्वारा मामले में लिखित परीक्षा की तिथि दूसरी बार बदली गई. आयोग द्वारा सबसे पहले यह परीक्षा 22 मार्च को आयोजित की जानेवाली थी. लेकिन इस दिन सरहुल होने के कारण परीक्षा की तिथि बढ़ाई गई और परीक्षा की तिथि 14 अप्रैल की गई थी. लेकिन 14 अप्रैल को बाबा साहब अंबेदकर जयंती है और कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने सोमवार को झारखंड विधानसभा में इसको लेकर सवाल उठाया था.
इसके बाद आयोग ने मंगलवार को इस संबंध में 12 अप्रैल को ही परीक्षा आयोजित करने की सूचना प्रकाशित कर दी है. यह परीक्षा पूर्वी सिंहभूम जिला समेत राज्य के आठ जिलों रांची, रामगढ़, खूंटी, बोकरो, धनबाद, देवघर एवं दुमका स्थित परीक्षा केंद्रों में आयोजित किये जायेंगे. परीक्षा से संबंधित प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के लिए लिंक आयोग की वेबसाइट पर अप्रैल के पहले सप्ताह में उपलब्ध कराया जायेगा.
