
उदित वाणी, रांची : आज दिनांक 17 मार्च 2026 को झारखण्ड सशस्त्र पुलिस 1 में 17वीं झारखण्ड राज्य पुलिस खेल कूद प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन किया गया. इस प्रतियोगिता में कुल 26 खेलों का आयोजन किया जा रहा है. उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि झारखण्ड पुलिस की महानिदेशक तदाशा मिश्र (IPS) रही. उन्होंने अपने संबोधन में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और कहा कि झारखण्ड पुलिस विभाग हमेशा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का काम करता रहा है और भविष्य में भी खिलाड़ियों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी.
उद्घाटन समारोह में स्वागत भाषण अपर पुलिस महानिदेशक (जैप) प्रिया दुबे (IPS) ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पुलिस उप महानिरीक्षक (जैप) एस. कार्तिक (IPS) ने प्रस्तुत किया.
इस प्रतियोगिता में कुल 923 खिलाड़ी और प्रशिक्षक भाग ले रहे हैं. इसके साथ ही झारखण्ड पुलिस के 148 राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय तकनीकी विशेषज्ञ प्रतियोगिता को सुचारु रूप से आयोजित कराने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं.
उद्घाटन समारोह के बाद विभिन्न खेलों की शुरुआत हुई, जिनमें एथलेटिक्स, फुटबॉल, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, योगा, कबड्डी और हॉकी शामिल हैं. इस प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस कर्मचारियों में खेल-कूद के प्रति उत्साह बढ़ाना और शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ टीम भावना को प्रोत्साहित करना है.

