
उदित वाणी रांची : पूर्णिया से लोकसभा सांसद पप्पू यादव की तबीयत मंगलवार को अचानक बिगड़ गई. स्वास्थ्य में आई गिरावट को देखते हुए चिकित्सकों की निगरानी में उन्हें फिलहाल उनके आवास पर ही रखा गया है.
इस बीच झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया के माध्यम से सांसद के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई. उन्होंने सोशल प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पूर्णिया के लोकप्रिय सांसद एवं बड़े भाई राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की तबीयत अचानक खराब होने की सूचना मिली है, जिसके बाद उन्हें चिकित्सकीय देखरेख में रखा गया है. यह समाचार सुनकर मन व्यथित है. वे हमारे अत्यंत निकट और सम्मानित सहयोगी हैं.

स्वास्थ्य मंत्री ने आगे बताया कि उन्होंने सांसद के परिजनों से दूरभाष पर संपर्क कर उनका हालचाल जाना है. साथ ही यह भी आग्रह किया है कि यदि आवश्यकता हो तो उन्हें झारखंड लाया जाए, जहां राज्य सरकार की ओर से बेहतर और समुचित चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी. उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर जरूरतमंद को बेहतर इलाज दिलाना उनका दायित्व है. मंत्री ने ईश्वर से सांसद के शीघ्र स्वस्थ होने और पुनः जनसेवा में सक्रिय होने की कामना भी की.
मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल सांसद पप्पू यादव की स्थिति में पहले से सुधार बताया जा रहा है. इससे पूर्व उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर उनके निजी सचिव की ओर से स्वास्थ्य अपडेट साझा किया गया था. पोस्ट में बताया गया कि तबीयत बिगड़ने के बाद डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार किया गया है. साथ ही लोगों से अपील की गई थी कि घबराने की आवश्यकता नहीं है और उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करें.

