
उदित वाणी, रांची : प्रभारी मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने विधानसभा में घोषणा करते हुए कहा कि जेटेट परीक्षा के संबंध में झारखंड हाईकोर्ट ने 31 मार्च तक का समय दिया है और सरकार न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई कर रही है. उन्होंने सदन को बताया कि परीक्षाएं समय पर कराई जाएंगी. विद्यार्थी अधीर न हों.
इस मामले को लेकर आजसू छात्र संघ के छात्रों व जेटेट अभ्यर्थियों पर सोमवार को हुए लाठीचार्ज का मुद्दा सदन में गरमाया. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मामले में सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि झारखंड पात्रता परीक्षा की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.
उन्होंने कहा कि जब सरकार समय पर परीक्षाएं आयोजित नहीं करेगी, तो युवा सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे. इसपर सरकार की ओर से सुदिव्य कुमार ने सदन में जबाब दिया. वहीं मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई.

