
उदित वाणी रांची: झारखंड एलिजिबिलिटी टेस्ट जेट परीक्षा 29 मार्च को आयोजित की जायेगी। परीक्षा आयोजित करने की तैयारी पूरी कर ली गई है और परीक्षा का परिणाम मई के दूसरे सप्ताह में जारी कर दिए जाने की संभावना है। इस मामले में झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एम एस सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की अदालत में राज्य के विश्वविद्यालयों में नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं होने और जेट की परीक्षा लंबित रखने के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान जेपीएससी के सचिव ने इस संबंध में अदालत में शपथपत्र दाखिल किया। इसके बाद खंडपीठ ने मामले की अगली सुनवाई नौ अप्रैल निर्धारित करते हुए सरकार को प्रगति रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया। ज्ञात हो कि पिछली सुनवाई में हाईकोर्ट ने परीक्षा तिथि को लेकर नाराजगी जताई थी और मामले में जेपीएससी के सचिव को शपथपत्र दाखिल कर यह स्पष्ट करने का निर्देश दिया था कि जेट 2024 की अंतिम परीक्षा तिथि क्या है तथा इसके आयोजन को लेकर अब तक क्या-क्या ठोस तैयारियां की गई है। वहीं पिछली सुनवाई के दौरान खंडपीठ ने मौखिक टिप्पणी करते हुए कहा था कि जब इस परीक्षा के लिए एक लाख 75 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है और दिसंबर 2025 में आवेदन की अंतिम तिथि समाप्त हो चुकी है। फिर ढाई महीने बीत जाने के बाद भी परीक्षा क्यों नहीं आयोजित कराई गई। अदालत ने यह भी कहा कि पिछले कई बर्षों से जेट आयोजित नहीं हुई है। जिससे प्रतीत होता है कि आयोग इस मामले को लेकर गंभीर नहीं है।

