
उदित वाणी रांची :भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बुधवार को होली का पर्व रंग, उमंग और संगठनात्मक एकता के संदेश के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया. पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय, रांची में उत्सव का माहौल देखने को मिला. होली के पारंपरिक गीतों पर नेता और कार्यकर्ता जमकर झूमते नजर आए. खास बात यह रही कि नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी भी कार्यकर्ताओं के साथ होली की मस्ती में शामिल हुए और गीत-संगीत पर ठुमके लगाए.
मौके पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि होली का रंग सभी रंगों को अपने भीतर समेटे हुए होता है और यह पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से इसी भावना के साथ समाज और संगठन के लिए कार्य करने का आह्वान किया. पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह और ऊर्जा साफ दिखाई दी. होली के इस आयोजन ने संगठनात्मक एकजुटता को और मजबूत करने का संदेश दिया.

