
उदित वाणी, रांची : स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने राज्य के सभी जिलों के सदर अस्पतालों में एमआरआइ और सीटी स्कैन जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की है. उन्होंने कहा कि इसके लिए बहुत जल्द मशीनों का क्रय कर लिया जायेगा. वहीं विभागीय मंत्री ने मेडिको सिटी एवं 2100 बेड के सुपर स्पेशियलिटी किडनी अस्पताल स्थापित करने की भी घोषणा की है.
मंत्री मंगलवार को नामकोम स्थित लोक स्वास्थ्य संस्थान के सभागार में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे. इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के तहत अनुबंध पर नियुक्त 91 सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों [सीएचओ] को नियुक्ति पत्र प्रदान किया. मंत्री ने कहा कि उनकी सरकार चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को नौकरी दे रही है, तो उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित करेगी.
उन्होंने कहा कि राज्य के छह जिलों में नए मेडिकल कालेज की स्थापना करने की दिशा में भी कार्रवाई तेज कर दी गई है. उन्होंने कहा कि अनिवार्य रूप से सभी सदर अस्पतालों में एमआरआई व सीटी स्कैन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया है. यहां की स्वास्थ्य व्यवस्था को ठीक करने के लिए सख्त फ़ैसले लेने पड़ेंगे.

