
उदित वाणी, रांची : डीजीपी तदाशा मिश्रा की अध्यक्षता में पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार में अपराध एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित मुद्दों पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई. जिसमें डीजीपी ने पूर्व में दर्ज धमकी, लेवी, आगजनी एवं तोड़फोड़ से संबंधित मामलों की समीक्षा कर फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. इस क्रम में उन्होंने फरार अभियुक्तों के विरुद्ध कुर्की जब्ती की कार्रवाई करने और पुरस्कार घोषित करने की प्रक्रिया भी अपनाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि मामलों में प्राप्त सूचनाओं को शीघ्रातिशीघ्र सत्यापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें.
नक्सल विरोधी अभियान एवं आत्मसमर्पण नीति का व्यापक प्रचार प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को मुख्यधारा में जोड़ें. स्थानीय नेटवर्क, मुखबिर तंत्र एवं डिजिटल निगरानी को सुदृढ कर सूचना संकलन को बढ़ायें. जमानत पर रिहा उग्रवादी व अपराधियों पर बिशेष निगरानी रखें. आपराधिक गिरोह या अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें.
इसके अलावा डीजीपी ने बैठक के दौरान लूट, हत्या, चोरी, डकैती, बलात्कार, पोक्सो एक्ट, साईबर अपराध और अन्य अपराध से संबंधित मामलों में भी यथाशीघ्र वांछित कार्रवाई करने का निर्देश दिए. वहीं इस अवसर पर उन्होंने सभी रेंज आईजी व डीआईजी को भी निर्देशों का अनुपालन अपनी देखरेख करने के निर्देश दिए. डीजीपी ने उन्हें कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर अपने स्तर से संबंधित पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों को दिशानिर्देश देते हुए उग्रवाद से संबंधित दर्ज कांडो की समीक्षा करें.

