
उदित वाणी, रांची : हेमंत सरकार की 16 अक्टूबर को आहूत राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक अब आज (14 अक्टूबर को) ही अपराहन तीन बजे बुलायी गई है. मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग द्वारा इस संबंध में जारी अधिसूचना में बताया गया कि मंत्रिपरिषद की बैठक के दौरान तीन बहुचर्चित बिषयों पर गंभीर चर्चा की जा सकती है. जिसमें राज्य में नगर निकाय चुनाव को लेकर आरक्षण रोस्टर व चुनाव की तिथि को लेकर विचार किया जा सकता है. वहीं सारंडा को वाइल्ड लाइफ सेंचुरी घोषित करने और पेसा नियमावली को लेकर भी चर्चा की हो सकती है.
यद्यपि बताया गया कि नगर विकास विभाग द्वारा निकाय चुनाव कराने के लिए जरूरी प्रक्रिया को अंतिम रूप नहीं दे पाया था. वहीं कैबिनेट के एक अधिकारी के अनुसार अभी कैबिनेट में सबसे पहले राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा दी गयी रिपोर्ट पर ही मुहर लगानी बाकी है. उसके बाद निकायों के आरक्षण और रोस्टर निर्धारण संबंधी नियमावली को मंजूरी दी जा सकेगी.
ज्ञात हो कि पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा ओबीसी ट्रिपल टेस्ट संबंधी अपनी रिपोर्ट नगर विकास एवं आवास विभाग को सौंप दिया गया है. उस रिपोर्ट के आधार पर निकायों में आरक्षण और रोस्टर निर्धारण की प्रक्रिया तय किया जाना है. इधर सुप्रीम कोर्ट ने पिछले दिनों सारंडा को वाइल्ड लाइफ सेंचुरी घोषित करने के लिए राज्य सरकार को सात दिनों का समय दिया है.
पिछली सुनवाई 8 अक्टूबर को हुई थी और 15 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिया गया समय पूरा हो जायेगा. जानकारी के मुताबिक इसी के मद्येनजर 16 को आहूत मंत्रिपरिषद की बैठक 14 अक्टूबर को ही आहूत करने का निर्णय लिया गया है.

