
उदित वाणी, रांची : प्रदेश भाजपा ने राज्य में एक और बड़े टेंडर घोटाले की पृष्ठभूमि लिखे जाने का आरोप लगाया है. प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शहदेव ने कहा कि भवन निर्माण विभाग के प्रमंडल संख्या 1 में जो भी टेंडर अखबारों में प्रकाशित किया जा रहा है या वेबसाइट पर निकाला जा रहा है.
उसमें किए जाने वाले कार्यों की अनुमानित राशि का ही उल्लेख नहीं किया जा रहा है. जिससे टेंडर डालने के इच्छुक लोगों को यह अंदाजा ही नहीं हो पा रहा है कि टेंडर कितनी राशि का है. उन्होंने कहा कि पैसा देकर टेंडर पेपर और बीओक्यू को खरीदने के बाद ही अनुमानित राशि का पता चल पा रहा है.
जबकि सामरन्यतः टेंडर नोटिस में नियमों के अनुसार कार्य का नाम और खर्च होनेवाली अनुमानित राशि का जिक्र होता है. उन्होंने आरोप लगाया कि सारा खेल बड़े घोटाले की ओर इशारा कर रहा है. विभाग उन्हीं चहेते ठेकेदारों को टेंडर की राशि को मौखिक रूप से बताता है. जिसे विभाग काम आवंटित करना चाहता है.
प्रतुल ने यह भी आरोप लगाया कि बीओक्यू में भी किसी को पूरी राशि का विवरण दिया जाता है, तो किसी को आधी-अधूरी जानकारी दी जाती है. उन्होंने कहा कि यह तो संभव नहीं है कि कोई ठेकेदार हर एक टेंडर पेपर को खरीदे ताकि उसे राशि की जानकारी मिले.
प्रतुल ने कहा कि पहले ऑफलाइन टेंडर में बड़ा घोटाला होता था. जिसके कारण टेंडर को ऑनलाइन किया गया. लेकिन हेमंत सरकार में ऑनलाइन टेंडर में भी सेटिंग का नियम विरूध्द नया तरीका ढूंढ निकाला गया है.

