
उदित वाणी, रांची : प्रदेश भाजपा ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार के संरक्षण में राज्य में निरंतर धर्मांतरण का खेल चल रहा है. पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रोजेक्ट भवन स्थित झारखंड मंत्रालय और पुलिस मुख्यालय से सिर्फ 5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित चांद गांव में गैरकानूनी तरीके से लंबे समय से चंगाई सभा के बहाने धर्मांतरण किया जा रहा है.
चंगाई सभा में बड़े-बड़े चमत्कार का दावा किया जाता है और अंधविश्वास को बढ़ावा देकर धर्मांतरण किया जाता है. जबकि हरदाग पंचायत के अंतर्गत चांद ग्राम के अखड़ा में ग्रामसभा ने बैठक कर इस मुद्दे पर लिखित विरोध जाहिर किया था और अविलंब चंगाई सभा को बंद करने की मांग की गई थी.
लेकिन राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर इसका कोई असर नहीं पड़ा. प्रतुल ने कहा जब आदिवासी समुदाय द्वारा ही इस तरह की चंगाई सभाओं पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं, तो फिर सरकार सिर्फ तुष्टीकरण के कारण आंख मूंद कर बैठी हुई है.

