
उदित वाणी, रांची : झारखंड आफिसर्स, टीचर्स, इंप्लॉइज फेडरेशन के नेतृत्व में झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जीवनी राज्य के स्कूली शिक्षा के पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग की है. संघ ने शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह से मिलकर उक्त मांग रखी है. फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत कुमार सिंह ने कहा कि दिशोम गुरु के जीवन पर पाठ्यक्रम तैयार करने के दौरान उनके व्यक्तित्व की विशालता का भी ध्यान रखा जाना चाहिए.
उन्होंने कहा कि उनकी दूरगामी सोच ने ही तत्कालीन केंद्र सरकार की वनांचली विचारधारा को झारखंडियत सोच में तब्दील करने को विवश कर दिया. झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ के महासचिव रविंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन किसी समुदाय, क्षेत्र अथवा समूह बिशेष के नेता नहीं थे. इसकी जानकारी फेडरेशन के प्रांतीय मुख्य मीडिया प्रभारी सुमित कुमार नंद ने दी. उन्होंने बताया कि संगठन की मांग पर शिक्षा सचिव ने अपनी सहमति व्यक्त की और कहा कि इस पर व्यापक कार्य करने की आवश्यकता है. विभाग इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करेगा.
