
उदित वाणी, जमशेदपुर : समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच, स्टील सिटी शाखा द्वारा एक नई पहल की गई है. मंच ने “युवा वाणी” नाम से पॉडकास्ट श्रृंखला की शुरुआत की है, जिसके माध्यम से लोगों तक स्वास्थ्य और सामाजिक विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी सरल भाषा में पहुंचाई जाएगी.
पॉडकास्ट के पहले एपिसोड में प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. स्तुति केडिया ने सर्वाइकल कैंसर और HPV वैक्सीनेशन जैसे महत्वपूर्ण विषय पर विस्तार से जानकारी साझा की. इस चर्चा का संचालन प्रेरणा चौधरी ने किया.
इस एपिसोड में डॉ. स्तुति केडिया ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर क्या होता है, HPV वायरस किस प्रकार फैलता है और इससे बचाव के लिए HPV वैक्सीन क्यों जरूरी है. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि यह वैक्सीन किस उम्र में लगवानी चाहिए और क्या लड़कों के लिए भी इसका टीकाकरण आवश्यक है.
मारवाड़ी युवा मंच के सदस्यों ने बताया कि “युवा वाणी” पॉडकास्ट के माध्यम से समय-समय पर स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक मुद्दों पर विशेषज्ञों के साथ चर्चा कर लोगों को जागरूक किया जाएगा.
मंच ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस उपयोगी पॉडकास्ट को अवश्य देखें और अपने परिवार तथा परिचितों के साथ साझा करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पहुंच सके.

