
उदित वाणी, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र से 17 वर्षीय एक किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया है. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों -लाल बाबू चंद्रवंशी (40) और दीपू चंद्रवंशी उर्फ रवानी, दोनों निवासी गाराबासा (गोवर्धन बाबा मंदिर के पास)—के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद से ही दोनों आरोपी फरार हैं.
जानकारी के अनुसार, यह घटना 16 अक्टूबर की सुबह करीब 11.30 बजे की है. बताया गया कि किशोरी घर से किसी काम से बाहर निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई. परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. अगले दिन, 17 अक्टूबर को परिवारजन बागबेड़ा थाना पहुंचे और अपहरण की लिखित शिकायत दर्ज कराई.
परिवार के अनुसार, आरोपियों ने किशोरी का अपहरण गाली-गलौज और जान मारने की नीयत से किया है. साथ ही, उन्होंने छेड़खानी और धमकी देने का भी आरोप लगाया है. घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है.
बागबेड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की गई है. मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

