
उदित वाणी, जमशेदपुर : झारखंड के विभिन्न शहरों में अदालतों और संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकियों के बीच अब जमशेदपुर के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान एक्सएलआरआई को भी धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया. ईमेल की सूचना मिलते ही संस्थान प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को अवगत कराया, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई.
मिली जानकारी के अनुसार किसी अज्ञात व्यक्ति ने ईमेल के माध्यम से संस्थान को बम से उड़ाने की धमकी दी है. ईमेल में कथित तौर पर पाकिस्तान के एयरबेस से हमला किए जाने जैसी बात लिखी गई है. सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है. ईमेल की तकनीकी जांच कराई जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि संदेश किस आईपी एड्रेस या लोकेशन से भेजा गया.
धमकी की सूचना के बाद संस्थान परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है. पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और संस्थान प्रबंधन के साथ मिलकर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए.
इस संबंध में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि संस्थान को ईमेल भेजकर बम से हमला करने की बात कही गई है. प्रारंभिक जांच में यह ईमेल शरारत या मजाक के तौर पर भेजा गया प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है.
गौरतलब है कि इससे पहले रांची, धनबाद और बोकारो में भी कोर्ट और अन्य संस्थानों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं. ऐसे में पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है. वहीं शहर में अपराध समीक्षा बैठक के लिए पहुंचे डीआईजी के दौरान इस तरह की धमकी सामने आने से सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और बढ़ गई है.

