
उदित वाणी, जमशेदपुर : विश्व किडनी दिवस के अवसर पर ब्रह्मानंद नारायणा मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, तमोलिया में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत अस्पताल के सीनियर नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. वहीद खान, फैसिलिटी डायरेक्टर धर्मा राव, मेडिकल डायरेक्टर डॉ. एम. एल. अली और मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. मुकेश कुमार की उपस्थिति में केक काटकर की गई.
किडनी स्वास्थ्य पर पोस्टर प्रदर्शनी
कार्यक्रम के दौरान किडनी स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया. डायलिसिस यूनिट में उपचाररत मरीजों को किडनी को स्वस्थ रखने से जुड़े महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संबंधी सुझाव भी दिए गए.
स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह
इस अवसर पर डॉ. वहीद खान ने कहा कि किडनी शरीर का अत्यंत महत्वपूर्ण अंग है और इसकी देखभाल करना बेहद जरूरी है. उन्होंने डायलिसिस मरीजों को नियमित दवा लेने, संतुलित आहार अपनाने, चिकित्सकीय सलाह के अनुसार पानी का सेवन करने तथा समय-समय पर आवश्यक जांच कराने की सलाह दी.
उन्होंने कहा कि समय पर जांच और संतुलित जीवनशैली अपनाकर किडनी से जुड़ी कई बीमारियों से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है. कार्यक्रम के दौरान मरीजों और उनके परिजनों को भी किडनी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया.
स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की पहल
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में किडनी रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है.

