
उदित वाणी, गालुडीह : गालुडीह थाना क्षेत्र के राजावासा गांव की 27 वर्षीय सोनाली किस्कू बीते 17 जून से रहस्यमय तरीके से लापता है. महिला के पति श्याम किस्कू, पिता- कुनु किस्कू, ने गालुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से सहयोग की मांग की है.
सुबह गई थी तालाब, फिर नहीं लौटी
श्याम किस्कू ने बताया कि 17 जून की सुबह उनकी पत्नी सोनाली ने घरवालों को बताया कि वह पास के गांव के तालाब में नहाने जा रही है. लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटी.
परिजन और गांववाले चिंतित
परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में हर जगह खोजबीन की, लेकिन कहीं भी उसका कोई सुराग नहीं मिला. सोनाली की अचानक गुमशुदगी से परिवार सदमे में है. गांव में भी चिंता और अनिश्चितता का माहौल है.
पुलिस से गुहार
परिवार ने पुलिस से जल्द से जल्द महिला को खोजने की अपील की है. मामले की जांच गालुडीह थाना द्वारा की जा रही है.

