
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के टिनप्लेट काली मंदिर के पास शनिवार रात एक महिला के साथ पर्स छिनतई की घटना हुई। बाइक सवार दो बदमाशों ने पीछे बैठी महिला के हाथ से पर्स झपट लिया, जिसके दौरान महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना रात करीब 10.50 बजे की है।
पीड़िता अनिता शर्मा, जो परसुडीह थाना क्षेत्र के नामोटोला दुर्गाबाड़ी की रहने वाली हैं, अपने पति कैलाश शर्मा और पुत्र के साथ मायके से लौट रही थीं। टिनप्लेट काली मंदिर के पास उनकी बाइक पहुंची ही थी कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक उनके बगल में आ लगी। बाइक चालक ने अपने साथी से “पर्स छीनो” कहकर इशारा किया और पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारते हुए अनिता का पर्स खींच लिया।
अनिता पर्स को मजबूती से पकड़े थीं, लेकिन बदमाशों द्वारा जोर से खींचने पर वह असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ीं। गिरने से उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। पीछे बैठे पुत्र ने तुरंत पिता कैलाश को बताया कि “मम्मी गिर गई हैं।” कैलाश ने बाइक रोकी और अनिता को उठाकर टिनप्लेट अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया।
घटना के बाद कैलाश शर्मा ने गोलमुरी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पर्स में 8000 रुपये नकद, मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और अन्य जरूरी दस्तावेज थे, जिन्हें बदमाश लूटकर फरार हो गए।
घटना के समय मौजूद कुछ राहगीरों ने बदमाशों की बाइक की तस्वीर ले ली। फोटो में स्पष्ट है कि बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस ने तस्वीर अपने पास ले ली है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
गोलमुरी थाना पुलिस का कहना है कि घटनास्थल और भागने के संभावित मार्गों की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

