
उदित वाणी, जमशेदपुर: स्वास्थ मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि आज वे जिस मुकाम पर हैं, वह जमशेदपुर वासियों की बदौलत है. उन्हें जो काम करना होता है उसे वे अपनी सीमा से आगे जाकर भी उसे पूरा करवाते हैं.
गुप्ता शनिवार शाम को चैंबर भवन बिष्टुपुर में सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड कॉमर्स के सदस्यों को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर बहुत ही अच्छा और खूबसूरत शहर है, लेकिन इसमें जो कमी है, उसे पूरा करते हुए इसे और अच्छा शहर बनायेंगे. एयरपोर्ट के लिए संबंधित मंत्रालय से बात किया जा रहा है, क्योंकि यह अत्यंत जरूरी है.
रेलवे ओवरब्रिज में स्ट्रीट हेतु झारखण्ड सरकार ने राशि निर्गत की है. जुगसलाई एक घनी आबादी वाला क्षेत्र है, जहां पर एक फायर स्टेशन की मांग को पूरा किया जाएगा.
टाटा पिगमेंट से स्टेशन तक रोड चौड़ीकरण हेतु स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे यहां जाम की स्थिति उत्पन्न न हो. पार्वती घाट के आसपास हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था के लिए वे प्रयासरत हैं और इसकी व्यवस्था जल्द होगी.
डोबो ब्रिज में आवाजाही को लेकर हो रही परेशानी को देखते हुए दोमुहानी से लेकर ब्रिज तक फोरलेन रोड बनाने हेतु प्रयास चल रहा है. जमशेदपुर में सुदृढ़ यातायात व्यवस्था हेतु अंतर्राज्यीय बस स्टैण्ड और मेरीन ड्राइव से मानगो तथा भुइंयाडीह तक फ्लाईओवर की व्यवस्था करने की दिशा में कार्य चल रहा है.
एमजीएम हॉस्पिटल के आधुनिकीकरण हेतु जल्द से जीर्णोद्धार का कार्य नये सिरे से शुरू होगा, इसके लिए टेंडर जल्द ही निकाला जायेगा.
चैंबर अध्यक्ष ने स्वागत किया
चैम्बर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने मंत्री बन्ना गुप्ता का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि माननीय मंत्री व्यावसायियों एवं उद्यमियों की समस्याओं के निराकरण हेतु हमेशा तत्पर रहे हैं.
वे चैम्बर के आमंत्रण पर आए, हम उनका आभार प्रकट करते हैं. उन्होंने कहा कि चैम्बर को जब भी इनकी आवश्यकता हुई, वे हमेशा मदद के लिए तैयार रहे. हमारी आवाज को राज्य के मुख्यमंत्री तक पहुंचाई. सैरात बाजार के किराया निर्धारण का मुद्दा हो, कृषि बाजार शुल्क का मामला हो या कोई और.
जुगसलाई रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण मे हो रही देरी को देखते हुए इन्होंने वहां का दौरा किया और जल्द से जल्द से पूरा करने हेतु प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया और आज ओवरब्रिज तैयार होकर हमारे सामने है. मंच संचालन मानद महासचिव मानव केडिया ने किया.


