
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के जेम्को से रामाधीन बागान ग्वाला बस्ती जाने वाले मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। छठ घाट के समीप सड़क किनारे सूखी झाड़ियों में अचानक लगी आग ने पास में खड़ी वोल्टास क्रेन को अपनी चपेट में ले लिया। चिलचिलाती धूप और सूखी घास के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और देखते ही देखते उसकी लपटें क्रेन के टायरों तक पहुंच गईं।
मुख्य सड़क पर धुआं और आग की लपटें उठती देख राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच वहां से गुजर रहे एक सतर्क राहगीर ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तुरंत टाटा मोटर्स के कंट्रोल रूम को सूचना दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सूचना देने में थोड़ी भी देर होती तो क्रेन पूरी तरह जल सकती थी और आसपास की संपत्ति को भी नुकसान पहुंच सकता था।
सूचना मिलते ही टाटा मोटर्स की फायर ब्रिगेड टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि आग को क्रेन के इंजन और अन्य संवेदनशील हिस्सों तक पहुंचने से पहले ही बुझा दिया गया। घटना के बाद कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।

