
उदित वाणी जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत झुरकुली और गोविंदपुर रेलवे फाटक के बीच शुक्रवार तड़के उस समय सनसनी फैल गई, जब रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों की नजर जब ट्रैक किनारे पड़े शव पर पड़ी तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना गम्हरिया थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार मृतक का एक पैर कटा हुआ था और शरीर के कई हिस्से बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह किसी ट्रेन की चपेट में आ गया होगा। हालांकि पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर लापता लोगों की जानकारी जुटा रही है, ताकि शव की शिनाख्त हो सके और घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

