
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के तीन प्रमुख जेलों घाघीडीह मंडल कारा, साकची और घाटशिला में कैदियों की बढ़ती संख्या और स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन के पहल पर यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) ने अपने सीएसआर मद से तीन एंबुलेंस उपलब्ध कराई हैं. शनिवार को यूसीआईएल प्रबंधन ने उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को एंबुलेंस की चाबियां सौंपीं.
उपायुक्त ने तीनों एंबुलेंस संबंधित काराध्यक्षों को सुपुर्द करते हुए कहा कि इन वाहनों का उपयोग पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ किया जाए, ताकि किसी भी बीमार कैदी को समय पर उपचार मिल सके. उन्होंने यूसीआईएल प्रबंधन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि कई बार कैदियों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल एमजीएम अस्पताल या रांची ले जाना पड़ता है, लेकिन समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने से गंभीर परिणाम भुगतने पड़ते हैं.
सीएसआर के तहत मिली इन एंबुलेंसों से अब कैदियों को आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सुविधा मुहैया कराना आसान होगा और इलाज में होने वाली देरी को काफी हद तक रोका जा सकेगा. handed‐over कार्यक्रम के दौरान यूसीआईएल प्रबंधन के अधिकारी और जिला प्रशासन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे.

