
उदित वाणी, जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र के मुखियाडांगा स्थित आशुतोष कुमार के घर में 8-9 अगस्त रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर चांदी का पायल, सोने का बजरंगबली लॉकेट, चांदी के सिक्के, नकद व दो मोबाइल फोन चोरी कर लिये थे। पीड़ित की शिकायत पर एमजीएम थाना में मामला दर्ज किया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित छापामारी कर कांड में संलिप्त चंदन साव उर्फ चंदा (28) और सोनू भुईया (19) को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकारते हुए बताया कि चंदन साव मुखियाडांगा में किराये पर रहकर रेकी कर रहा था और सोनू भुईया, अभिषेक शर्मा उर्फ रवि शंकर एवं वीरेन्द्र मिश्रा के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। चोरी के बाद पीड़ित के मोबाइल से सिम निकालकर अपने फोन में डालकर फोनपे से लेन-देन की कोशिश की गई, बाद में सिम तोड़कर फेंक दिया गया।
पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर 2 जोड़ा चांदी का पायल, 11 चांदी के सिक्के, 1 सोने का लॉकेट, विवो और वनप्लस मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त टेक्नो मोबाइल बरामद किया। चंदन साव पर सिदगोड़ा थाना में पूर्व में डकैती, चोरी व अन्य धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। कांड में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

