
उदित वाणी, जमशेदपुर: ट्राइबल कल्चलर सेंटर सोनारी में करीम सिटी कॉलेज की और से दो दिवसीय ट्राइबल कल्चरल फेस्ट का आयोजन किया जा रहा है. सोमवार को इसका उद्घाटन टीसीएस के सचिव जिरेन जेवियर टोपनो ने किया.
आदिवासी संस्कृति को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने तथा युवाओं में आदिवासियों के प्रति सम्मान तथा सद्भाव को बढ़ाने के उद्देश्य से इस दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. इसमें कोल्हान के लगभग सभी 17 कॉलेज के बीएड, जीइएलइडी एवं एमइएड विभाग के छात्र भाग ले रहे हैं. सोमवार को इस महोत्सव में आदिवासी लोक गीत एवं नृत्य की धूम रही.
महोत्सव में हो लोक नृत्य से लेकर संताली लोकनृत्य व संगीत की धूम रही. प्रतिभागी कोल्हान के संताल व हो समुदाय के पारंपरिक वेषभूषा में पहुंचे थे. यहां बाकायदा आदिवासी लोकगीत व पारंपिरक वाद्य यंत्र बजाने की प्रतियोगिता आयोजित की गई.
वहीं, आदिवासी परंपरा के अनुरूप अल्पना व क्राफ्ट मेकिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई. निर्णायक के रूप में डॉ. वीणापानी महतो, डॉ. सनातन दीप, पदमा झा, अशोक दास, धन राजू, व डॉ. सोमा बिरुवा ने प्रतिभागियों को परखा. मंच का संचालन डॉ. प्रियंका प्रियदर्शनी एवं डॉ. अशरफुल होदा ने किया.

