
उदित वाणी जमशेदपुर : संस्थापक दिवस के अवसर पर शहर की यातायात व्यवस्था में एक बार फिर बदलाव किया गया है। प्रशासन ने भीड़ और कार्यक्रमों को देखते हुए सभी प्रकार के भारी वाहनों के परिचालन पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया है। जारी आदेश के अनुसार 6 मार्च शुक्रवार को दोपहर 3 बजे से रात 12 बजे तक शहर में नो-इंट्री लागू रहेगी। इस दौरान ट्रक, ट्रेलर और अन्य भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा, जबकि बसों का परिचालन सामान्य रूप से जारी रहेगा।
यह आदेश जमशेदपुर के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, एसएसपी पीयूष पांडेय तथा ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार के हस्ताक्षर से जारी किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बाद यानी रात 12 बजे के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी संस्थापक दिवस और होली को ध्यान में रखते हुए 3 मार्च से 5 मार्च तक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया था। उस अवधि में भी शहर में भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई थी। गुरुवार को प्रशासन ने एक बार फिर नया आदेश जारी करते हुए लोगों से सहयोग की अपील की है।
