
उदित वाणी, पटमदा/झारखंड : जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने सोमवार को छठवें झारखंड विधानसभा के पंचम (बजट) सत्र के शून्यकाल में मदनाबेड़ा गांव को पिकनिक और पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने की मांग उठाई.
विधायक ने सदन में बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिला के जमशेदपुर प्रखंड के एनएच-33 चांदनी चौक से लगभग 6 किमी की दूरी पर बेलाजुड़ी पंचायत में स्थित सुवर्णरेखा नदी के तट पर मदनाबेड़ा गांव प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर मनोरम स्थल है.
उन्होंने कहा कि यहां प्रतिवर्ष टुसु मेला, छठ पूजा, शिव पूजा और अन्य क्षेत्रीय त्योहार बड़े धूमधाम से मनाए जाते हैं और हजारों पर्यटक इस स्थल का आनंद लेने आते हैं. मंगल कालिंदी ने सरकार से आग्रह किया कि मदनाबेड़ा को लोकहित एवं जनहित में पिकनिक एवं पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाए.

