
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत टोल ब्रिज के पास शनिवार की रात एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक कपाली के अली नगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अनवारूल हक़ (25) के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक का नाम फरीद बताया गया है। शनिवार की रात करीब 9:30 बजे दोनों दोस्त स्कूटी से घूमने निकले थे। इसी दौरान टोल ब्रिज के पास किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अनवारूल हक़ को मृत घोषित कर दिया, जबकि फरीद की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
मृतक अनवारूल हक़ की बहन ने बताया कि वह पेशे से पुट्टी मिस्त्री था और शनिवार रात दोस्तों के साथ घूमने जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। जब फोन किया गया तो मोबाइल बंद बताया गया। इसके बाद रविवार की सुबह कदमा पुलिस से अनवारूल की मौत की सूचना मिली, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
रविवार को एमजीएम अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

