उदित वाणी, जमशेदपुर : मरीन ड्राइव स्थित दोबों पुल पर बीते कुछ दिनों से आत्महत्या की लगातार घटनाओं ने पुलिस-प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। इसी सिलसिले में गुरुवार को सिटी एसपी कुमार शिवशीष खुद मौके पर पहुंचे और पुल का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुल की लंबाई, चौड़ाई और किनारों की ऊंचाई का आकलन किया गया, ताकि आत्महत्या रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा इंतजाम किए जा सकें।
जानकारी के मुताबिक, हाल के दिनों में दोबों पुल से कई लोग कूदकर अपनी जान दे चुके हैं। स्थानीय लोगों ने इस पर चिंता जताते हुए पुल पर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी। सिटी एसपी ने मौके पर इंजीनियरिंग टीम और संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर पुल के दोनों किनारों पर मजबूत सुरक्षा नेट लगाने की योजना पर चर्चा की।
सिटी एसपी कुमार शिवशीष ने कहा कि, “मानव जीवन अमूल्य है। प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति हताशा में आकर अपनी जान न गंवाए। सुरक्षा नेट लगाने के साथ-साथ पुल पर गश्त और निगरानी भी बढ़ाई जाएगी, ताकि किसी अप्रिय घटना को टाला जा सके।”
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अनुमान जताया कि नेट लगाने का काम जल्द शुरू कर दिया जाएगा और इसे अगले कुछ हफ्तों में पूरा कर लिया जाएगा। इसके अलावा, पुल पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और रात में अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था करने की भी योजना है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि सुरक्षा इंतजाम लागू होने के बाद इस पुल पर आत्महत्या की घटनाओं पर रोक लगेगी।


