
उदित वाणी, जमशेदपुर : होली के मद्देनजर ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और अवैध यात्रा की आशंका को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने टाटानगर और आसपास के रेल मंडलों में औचक टिकट जांच अभियान तेज कर दिया है। रविवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के अंतर्गत आने वाले चक्रधरपुर रेल मंडल और खड़गपुर रेल मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान करीब 235 यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा गया।
रेलवे प्रशासन ने इन बेटिकट यात्रियों से जुर्माने के रूप में लगभग सवा लाख रुपये की राशि वसूल की। अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान ट्रेनों में भीड़ काफी बढ़ जाती है, जिसका फायदा उठाकर कुछ लोग बिना टिकट या गलत श्रेणी के टिकट पर यात्रा करने की कोशिश करते हैं। इसे रोकने के लिए विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।
विशेष टीमों ने स्टेशन दर स्टेशन घेराबंदी कर प्रमुख ट्रेनों में औचक छापेमारी की। जांच के दौरान हावड़ा–बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस और हावड़ा–मुंबई गीतांजलि एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों में सघन जांच की गई। कई यात्रियों के पास वैध टिकट नहीं पाए गए, जबकि कुछ यात्री सामान्य श्रेणी का टिकट लेकर आरक्षित डिब्बों में सफर करते मिले।
इस अभियान में वाणिज्य पर्यवेक्षकों, टिकट निरीक्षकों और रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को शामिल किया गया था, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से तुरंत निपटा जा सके। रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। प्रशासन का कहना है कि सख्त जांच का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि आरक्षित टिकट वाले वास्तविक यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना है।


