
उदित वाणी जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित राम मंदिर के समीप मंगलवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश स्तर के एक नेता को खुलेआम गोली मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश युवा जदयू के महासचिव पप्पू सिंह अपने कुछ सहयोगियों के साथ एक बार के बाहर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान मोनू चौधरी नाम का युवक वहां पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वह नशे में धुत था और बिना किसी वजह के गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने पप्पू सिंह से उलझते हुए उन्हें जान से मारने और गोली मारने की धमकी दे डाली।
शोर-शराबा सुनकर जदयू नेता नीरज सिंह और अन्य कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। आरोपी का आक्रामक रवैया देख स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बिष्टुपुर पुलिस आरोपी को थाने ले गई।
बताया जा रहा है कि मोनू चौधरी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह एक सजायाफ्ता अपराधी का सहयोगी भी रह चुका है। घटना के बाद बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता थाने पहुंचे और सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
