
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील की सुरक्षा टीम ने एक बार फिर अपनी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए प्लांट क्षेत्र में चोरी के कई प्रयासों को नाकाम कर दिया। लगातार गश्ती और पैनी निगरानी के चलते कंपनी की बहुमूल्य संपत्तियों को सुरक्षित रखा गया।
पहली घटना मंगलवार तड़के करीब 4:30 बजे जोन-3 के सीएसडी रेलवे ट्रैक के पास सामने आई, जहां गश्ती दल ने दो संदिग्धों विक्रम प्रधान (23) और मोहम्मद बिलाल (17) को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 38 किलोग्राम इंसुलेटेड कॉपर केबल बरामद हुआ, जिसे अवैध रूप से ले जाया जा रहा था।
दूसरी कार्रवाई रात करीब 1 बजे एलडी-3 टीएससीआर स्टोर क्षेत्र में हुई, जहां विकाश घोष (17) संदिग्ध हालात में पकड़ा गया। हालांकि उसके पास से कोई सामान नहीं मिला, लेकिन सुरक्षा टीम की सक्रियता स्पष्ट रही।
इसी क्रम में रात 10 बजे जोन-4 स्थित टीएसडीपीएल स्क्रैपयार्ड से मोहम्मद काशिम (46) को प्रतिबंधित क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि करते हुए पकड़ा गया। सभी आरोपितों को आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया गया।

