
उदित वाणी, जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के भुइयाडीह स्थित ग्वाला बस्ती में गुरुवार को पारिवारिक विवाद के चलते एक टेंपो चालक ने आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान बबलू यादव के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि बुधवार रात बबलू घर देर से पहुंचा था. इसी बात को लेकर उसका परिवार से झगड़ा हो गया. गुस्से में उसने अपने पिता और पत्नी-बच्चों के साथ मारपीट की. पिता के नाराज होने पर पत्नी और तीनों बच्चे घर छोड़कर बगल में स्थित पिता और बड़े भाई के घर चले गए.
गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे बच्चे जब घर लौटे तो उन्होंने बबलू यादव को फंदे से लटका पाया. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जुटे और तुरंत पुलिस को सूचना दी. सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक के बड़े भाई ने बताया कि बबलू पिछले कुछ दिनों से पारिवारिक तनाव में था. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों की पड़ताल में जुटी है. स्थानीय लोगों ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि पारिवारिक विवाद ने एक मेहनतकश व्यक्ति की जान ले ली.

