
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत एलएफएस स्कूल के समीप बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसे में महिला का पैर टूट गया. घायल महिला की पहचान रोड नंबर-8 स्थित के-2/13 निवासी सुमन सिंह के रूप में हुई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुमन सिंह बुधवार की सुबह अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने स्कूटी से जा रही थीं. इसी दौरान एलएफएस स्कूल से थोड़ा आगे, शिव-पार्वती दुर्गा पूजा स्थल के पास यह दुर्घटना घटी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टाटा मोटर्स में डीजीएम स्तर की अधिकारी रिद्धि बेहरा अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने के बाद अपने टाटा नेक्सॉन (जेएच05 डीइ 3422) कार से कंपनी की ओर जा रही थीं. तभी अचानक कार अनियंत्रित हो गई और स्कूटी सवार सुमन सिंह को जोरदार टक्कर मार दी.
बताया जा रहा है कि कार का ब्रेक ठीक से काम नहीं कर पाया, जिसके कारण टक्कर के बाद भी कार नहीं रुकी और आगे खड़ी एक डस्टर कार को पीछे से धक्का मार दिया. हादसा इतना अचानक था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायल महिला को सड़क से उठाकर पास के टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, जहां जांच के दौरान महिला के पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई. प्राथमिक इलाज के बाद महिला को घर भेज दिया गया है.
घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है तथा संबंधित वाहनों की स्थिति और तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है. स्थानीय लोगों ने स्कूल के पास वाहनों की तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियंत्रण की कमी पर चिंता जताई है.
