
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में रक्तदान के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम करते हुए टीम पीएसएफ ने विश्व शांति की प्रार्थना के साथ दो और शतकवीर रक्तदाता शहर को समर्पित किए. टाटा मोटर्स कर्मी तथा बीवीडीए के महासचिव कमल कुमार घोष और एमएनसी कंपनी रॉकवेल में कार्यरत शुभेंदु मुखर्जी ने 11 मार्च 2026 को अपना 100वां रक्तदान पूरा किया. दोनों रक्तवीरों ने अपनी शतकीय पारी लौह पुरुष रतन टाटा को समर्पित की.
जमशेदपुर ब्लड सेंटर में आयोजित इस अवसर पर दोनों रक्तदाताओं का रक्तदान से पूर्व पुष्प वर्षा, तिलक और हल्दी लगाकर स्वागत किया गया. रक्तदान के पश्चात उन्हें पुष्पगुच्छ, शॉल, शतकीय मेमेंटो, प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
दोनों रक्तदाताओं की प्रेरक यात्रा
कमल कुमार घोष ने अपना पहला रक्तदान 29 जुलाई 2011 को किया था. इसके बाद 22 अक्टूबर 2020 को 25वां, 9 सितंबर 2022 को 50वां, 9 सितंबर 2025 को 75वां और 11 मार्च 2026 को 100वां रक्तदान कर शतकीय उपलब्धि हासिल की.
वहीं शुभेंदु मुखर्जी ने रक्तदान की शुरुआत 28 मई 2001 से की थी. उन्होंने 8 अप्रैल 2018 को 25वां, 28 मई 2023 को 50वां, 9 सितंबर 2024 को 75वां और 11 मार्च 2026 को एसडीपी रक्तदान के माध्यम से 100वां रक्तदान पूरा किया.
एसडीपी रक्तदान अभियान में नया कीर्तिमान
इन दोनों के एसडीपी रक्तदान के साथ ही टीम पीएसएफ ने शहर में चलाए जा रहे अपने अभियान के तहत कुल 1787वां एसडीपी रक्तदान पूरा कर लिया. स्वयंसेवी संस्था के रूप में टीम पीएसएफ अब तक 17 शतकवीर रक्तदाता तैयार कर चुकी है, जो जमशेदपुर के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है.
इस अवसर पर जमशेदपुर ब्लड सेंटर के जीएम संजय चौधरी, डॉक्टर लव बहादुर सिंह, डॉक्टर निर्जला झा, डॉक्टर रीता सिंह, तकनीशियन धीरज कुमार, अरुनभो मोइत्रा, टीम पीएसएफ के निदेशक अरिजीत सरकार, भास्कर कुंडू, दीपक कुमार मित्रा, सोमनाथ दत्ता, कुमारेस हाजरा, उत्तम कुमार गोराई, रवि शंकर, अनिल प्रसाद, पौशाली मुखर्जी और शुभोदीप मुखर्जी समेत कई लोग उपस्थित थे.

