
उदित वाणी जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह पटरी से उतरती नजर आ रही है। कभी समय पर चलने का रिकॉर्ड रखने वाली हावड़ा स्टील एक्सप्रेस अब लगातार देरी का शिकार हो रही है। सोमवार को यह ट्रेन अपने निर्धारित समय रात 9:15 बजे के बजाय देर रात करीब 2 बजे टाटानगर पहुंची, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, हावड़ा से यह ट्रेन हल्की देरी से रवाना हुई थी, लेकिन खड़गपुर के बाद इसकी रफ्तार और धीमी पड़ गई, जिससे देरी बढ़ती चली गई। यही हाल अन्य ट्रेनों का भी है। ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस और आनंद विहार-पुरी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस भी तीन घंटे से अधिक की देरी से टाटानगर पहुंचीं।
वहीं, गीतांजलि एक्सप्रेस, कुर्ला एक्सप्रेस, अहमदाबाद एक्सप्रेस, जनशताब्दी और इस्पात एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें भी लगातार लेट चल रही हैं। ट्रेनों की इस अनियमितता से यात्रियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। यात्रियों का कहना है कि रेलवे को समय प्रबंधन में सुधार करना चाहिए ताकि सफर सुगम और भरोसेमंद बन सके।

