
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों ने नई रफ्तार पकड़ ली है। स्टेशन आधुनिकीकरण और नए भवन के निर्माण के तहत, अब स्टेशन के सामने स्थित मुख्य सड़क को अगले एक माह के भीतर बंद करने की योजना पर कार्य शुरू हो गया है। इसके परिणामस्वरूप, यात्रियों और रोजाना आने–जाने वाले आम नागरिकों की आवाजाही प्रभावित होगी। रेलवे ने नए फोर लेन सड़क मार्ग के विकास की रणनीति बनाई है, जिसमें चक्रधरपुर रेल मंडल व रेलवे गति शक्ति के संयुक्त प्रयास विशेष उल्लेखनीय हैं। इस नई सड़क का मार्ग रेलवे पेट्रोल पंप के पास से शुरू होकर केंद्रीय विद्यालय क्षेत्र होते हुए गोलपहाड़ी चौक तक जाएगा।
हालांकि, अवैध कब्जे जैसी चुनौतियों के कारण फिलहाल पहले चरण में मंदिर के पीछे से चाईबासा बस स्टैंड तक का निर्माण कार्य प्रारंभ हुआ है, जिसे बृहस्पतिवार को निर्माण एजेंसी ने शुरू कर दिया। जैसे ही अतिक्रमण हटेगा, सड़क को गोलपहाड़ी तक विस्तारित किया जाएगा। स्टेशन पुनर्विकास योजना के अंतर्गत मौजूदा पार्किंग क्षेत्र में अत्याधुनिक भवन और नया प्लेटफॉर्म विकसित किए जाएंगे। पार्किंग को दूसरे स्थान पर शिफ्ट करने के प्रयास भी तेज़ हैं। इसमें लिफ्ट, एस्केलेटर, नए प्रतीक्षालय, और सुरक्षित प्रवेश-निकास द्वार जैसी आधुनिक सुविधाएं यात्रियों को उपलब्ध कराई जाएंगी।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी 2024 में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इस परियोजना का शिलान्यास किया था, जिसे दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा 283 करोड़ रुपये की लागत से मार्च 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परियोजना पूरी होने पर टाटानगर स्टेशन पूर्वी भारत के सबसे आधुनिक और सुविधाजनक स्टेशनों में गिना जाएगा।
