
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटानगर स्थित केंद्रीयकृत कर्षण मरम्मत कारखाना (Centralized Traction Repair Workshop, CTRC) में होली के पावन अवसर पर कर्मचारियों ने उत्साह और उमंग के साथ होली मिलन समारोह का आयोजन किया। यह समारोह व्हील शॉप विभाग के समक्ष आयोजित हुआ, जहां रंग, अबीर और आपसी सौहार्द का अनूठा संगम देखने को मिला।
मुख्य अतिथि का सम्मान
कार्यक्रम की शुरुआत सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार द्वारा मुख्य अतिथि मंडल विद्युत अभियंता प्रेम चंद्र शर्मा को भगवा वस्त्र पहनाकर सम्मानित करने के साथ हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि ने इंस्पेक्टर संतोष कुमार को रंग-बिरंगी टोपी पहनाकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। व्हील शॉप के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता निलेश कुमार ने प्रेम चंद्र शर्मा को पगड़ी बांधकर सम्मानित किया। सहायक मंडल विद्युत अभियंता ए.के. नंदी को वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (सामान्य) ने टोपी पहनाकर अभिनंदन किया।

इंस्पेक्टर संतोष कुमार का संबोधन
मंच संचालन करते हुए इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने कहा कि इस वर्ष की होली विशेष उल्लास लेकर आई है, क्योंकि कारखाने ने उत्पादन में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की है। अधिकारियों की पदोन्नति हुई और कर्मचारियों ने भारत सरकार गृह मंत्रालय पदक, अतिविशिष्ट रेल सेवा सम्मान तथा राष्ट्रपति पदक प्राप्त कर सीटीआरसी का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने अपनी स्वरचित व्यंग्य रचना “व्हील शॉप में का… बा” प्रस्तुत कर उपस्थित कर्मचारियों का भरपूर मनोरंजन किया।
मुख्य अतिथि की शुभकामनाएं
मुख्य अतिथि प्रेम चंद्र शर्मा ने प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ आयोजित इस मिलन समारोह की सराहना की। उन्होंने सभी को अबीर लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। धन्यवाद ज्ञापन ए.के. नंदी ने किया।
समारोह में उपस्थित लोग
समारोह में निलेश कुमार, जगजीत कुमार, राजीव नयन, इंद्र कुमार, मुकेश कुमार, आर.के. सिंह सहित अनेक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में लड्डू और कोल्ड ड्रिंक की व्यवस्था के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।


