
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित हलूदबनी में रहने वाले राजेश प्रसाद की 70 वर्षीय माता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद गुरुवार को टाटानगर रेलवे अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ. परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है.
परिजनों के अनुसार, तीन मार्च को वृद्ध महिला को सांस लेने में तकलीफ होने पर टाटानगर रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उनका आरोप है कि इलाज के दौरान डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने उचित देखभाल नहीं की, जिसके कारण उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई. परिवार का कहना है कि अस्पताल प्रबंधन ने इलाज की स्थिति को लेकर उन्हें सही जानकारी भी नहीं दी.
परिजनों का आरोप है कि महिला की मौत हो जाने के बाद भी अस्पताल प्रशासन की ओर से उन्हें कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई. उनका दावा है कि अस्पताल में मौजूद अन्य मरीजों और उनके परिजनों से उन्हें यह जानकारी मिली कि उनकी माता का निधन हो चुका है. इसके बाद जब परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे तो वहां मौजूद स्टाफ और प्रबंधन के साथ उनकी तीखी बहस हो गई.
परिजनों का यह भी आरोप है कि बहस के दौरान अस्पताल के कुछ कर्मियों ने उनके साथ मारपीट की. इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा.
सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया. पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ की है और मामले की जांच शुरू कर दी है. मृतका अपने पीछे चार बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं. परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा.

