
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर ऑल इंडिया रनिंग ब्रांच के लोको पायलट कर्मचारियों ने अपने संगठन एलआरएसए के संस्थापक कामरेड स्वर्गीय एम.एन. प्रसाद की प्रथम पुण्यतिथि पर गौरवमय श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए रेलवे इंस्टिट्यूट में रक्तदान शिविर का आयोजन किया. श्रद्धांजलि सह रक्तदान कार्यक्रम में रेलकर्मियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली.
कार्यक्रम में रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति पदक सम्मानित सदस्य संतोष कुमार तथा सहायक मंडल विद्युत अभियंता पिनाकी विश्वास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. संतोष कुमार ने रक्तदाताओं के पुनीत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है.
कार्यक्रम की शुरुआत कामरेड स्वर्गीय एम.एन. प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई. उपस्थित रेलकर्मियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को याद किया. इसके बाद रक्तदान शिविर का औपचारिक शुभारंभ किया गया, जिसमें रनिंग कर्मचारियों ने गर्मजोशी के साथ बड़ी संख्या में भाग लिया.
रक्तदान शिविर में रेलवे के विभिन्न विभागों—इलेक्ट्रिक लोको सेड, कैरिज एंड वैगन, ट्रेन लाइटिंग, ट्रैक मेंटेनर तथा इलेक्ट्रिक लोको पायलट ट्रेनिंग सेंटर—के कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई. कुल 152 रेलकर्मियों ने रक्तदान कर मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया.
शिविर के सफल आयोजन में रेलवे इंस्टिट्यूट के निर्वाचित सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा. आयोजन में मुख्य भूमिका आर.बी. राय, शैलेश कुमार, जयप्रकाश, सुधीर कुमार और गौतम पटेल सहित अन्य सदस्यों ने निभाई.
अंत में आर.बी. राय ने रक्तदान करने वाले कर्मचारियों, रक्त संग्रहकर्ता ब्रह्मानंद नारायणा रक्त संग्रह केंद्र के कर्मियों, टाटा एवं सिनी रनिंग शाखा, रेलवे इंस्टिट्यूट के निर्वाचित सदस्यों तथा सिविल डिफेंस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ.

