
उदित वाणी, जमशेदपुर : संस्थापक दिवस के अवसर पर टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की ओर से आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में एक दिन में 3140 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया. शिविर में कुल 3499 लोगों ने पंजीकरण कराया था. सुबह 5:10 बजे से रक्तदाताओं का आना शुरू हो गया और पहला रक्तदान 5:20 बजे हुआ.
शुरुआती समय में काफी भीड़ रही, लेकिन ब्लड बैंक की टीम और पारा मेडिकल स्टाफ ने पांच काउंटरों पर व्यवस्थित तरीके से पंजीकरण और रक्त संग्रह की प्रक्रिया पूरी की. महिलाओं और प्रशिक्षुओं ने भी उत्साह के साथ रक्तदान किया. रक्तदाताओं के लिए जलपान और भोजन की व्यवस्था की गई थी.
इस अवसर पर टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन परिसर में संस्थापक जेएन टाटा की प्रतिमा का अनावरण भी किया गया. कार्यक्रम में टाटा मोटर्स के कार्यकारी निदेशक गिरीश वाघ, सीएचआरओ सीताराम कांडी, वीपीओ विशाल बादशाह, प्लांट हेड अनुराग छारिया समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे. पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा भी कार्यक्रम में शामिल हुए.
महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि कोविड काल में शुरू किए गए इस अभियान ने अब बड़ा रूप ले लिया है. पिछले वर्ष 2906 यूनिट रक्त संग्रह हुआ था, जबकि इस वर्ष नया रिकॉर्ड बना है. उन्होंने सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया.

