
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासन द्वारा तड़ीपार घोषित की गई कुख्यात महिला अपराधी प्रिया सिंह उर्फ ‘चटनी डॉन’ को मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे सोनारी की ग्वाला बस्ती स्थित उसके घर से पकड़ा। उस पर जिला निष्कासन के आदेश का उल्लंघन करते हुए प्रतिबंधित क्षेत्र में चोरी-छिपे रहने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्वाला बस्ती में सुनील सिंह के घर कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात की योजना बनाने के लिए जमा हुए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए डीएसपी हेडक्वार्टर-02 मनोज कुमार ठाकुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने देर रात योजनाबद्ध तरीके से उक्त ठिकाने पर छापेमारी की।
हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले कुछ संदिग्ध मौके से फरार हो गए, लेकिन घर की तलाशी के दौरान तड़ीपार घोषित अपराधी प्रिया सिंह पुलिस के हत्थे चढ़ गई। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में वह जिले में रहने के लिए कोई वैध अनुमति पत्र या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सकी। उसने स्वीकार किया कि जिला निष्कासन के आदेश के बावजूद वह दूसरे जिले में जाने के बजाय सोनारी स्थित अपने घर में छिपकर रह रही थी।

पुलिस ने बताया कि झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम 2002 की धारा-25 के तहत निष्कासन अवधि के दौरान बिना अनुमति प्रतिबंधित क्षेत्र में रहना दंडनीय अपराध है। इसी आधार पर महिला पुलिस की मदद से उसे हिरासत में लिया गया।
करीब 35 वर्षीय प्रिया सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड भी काफी लंबा रहा है। वर्ष 2017 से 2022 के बीच उसके खिलाफ रंगदारी, लूट, आर्म्स एक्ट और सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत आठ गंभीर मामले दर्ज किए गए हैं।
इस संबंध में सिटी एसपी कुमार शुभाशीष ने कहा कि शहर की शांति व्यवस्था को बिगाड़ने वाले और प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी करने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

