
उदित वाणी जमशेदपुर : छोटागोविंदपुर स्थित आनंद नगर से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां 30 वर्षीय ज्ञान किरण ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह तीन बच्चों की मां थी और वर्ष 2014 में प्रेम विवाह किया था। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच बीते कुछ दिनों से तनाव चल रहा था। विवाद की मुख्य वजह मोबाइल पर बातचीत और आपसी शक बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि महिला बिहार के नवादा में रहने वाले अपने नाबालिग रिश्तेदार से लगातार संपर्क में थी, जिसे लेकर घर में कलह बढ़ गई थी।
15 मार्च को यह मामला तब सामने आया जब उक्त नाबालिग के पिता ने महिला के पति शशि को फोन कर इस बारे में जानकारी दी। इसके बाद घर में कहासुनी बढ़ गई और विवाद ने उग्र रूप ले लिया। इसी दौरान गुस्से में पति द्वारा पत्नी को थप्पड़ मारने की बात भी सामने आई है, जिससे हालात और बिगड़ गए।
सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे, जब पति बच्चों को ट्यूशन छोड़ने गया था, उसी दौरान महिला ने यह कदम उठा लिया। घर लौटने पर बेटे ने खिड़की से मां को फंदे से लटका देखा, जिसके बाद हड़कंप मच गया।
मृतका के मायके पक्ष ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कमरे को सील कर दिया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
